अमृतसर/गुरदासपुर (Public Updates TV): कांग्रेस नेता और विपक्ष के लीडर राहुल गांधी आज पंजाब के दौरे पर हैं। सुबह करीब साढ़े 9 बजे वह अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचे, जहां से वह सीधे बाढ़ प्रभावित गांव घोनेवाल रवाना हुए। वहां उन्होंने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद राहुल गांधी ने पवित्र गुरुद्वारा बीड़ बाबा बुड्ढा साहिब में माथा टेका और राज्य की सुख-शांति की कामना की।
अब राहुल गांधी गुरदासपुर पहुंचे हैं, जहां वे बाढ़ पीड़ितों से मिल रहे हैं और राहत कार्यों का जायजा ले रहे हैं। इस दौरान उनके साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी मौजूद हैं। राहुल गांधी का अगला पड़ाव पठानकोट रहेगा।
गौरतलब है कि हालिया बाढ़ से पंजाब के 23 जिले प्रभावित हुए हैं। कुल 2,097 गांवों में बाढ़ का कहर देखा गया, जिससे लगभग 1.91 लाख हेक्टेयर में फसलें बर्बाद हो गईं। राज्यभर में अब तक 52 लोगों की जान जा चुकी है।
पांच दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंजाब का दौरा किया था और राज्य को 1,600 करोड़ रुपए की मदद देने का ऐलान किया था। हालांकि, पंजाब की भगवंत मान सरकार ने इस राहत राशि को “नाकाफी” बताया है। राहुल गांधी के दौरे को इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।