चंडीगढ़ (Public Updates TV): पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब रोडवेज डिपो-1, जालंधर में तैनात अधीक्षक बलवंत सिंह को ₹40,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई एक सेवानिवृत्त चालक की शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि अधीक्षक ने उसके लंबित ओवरटाइम बिल तैयार करने के बदले ₹50,000 की मांग की थी। कई बार अनुरोध करने के बाद आरोपी ₹40,000 में सौदा तय करने को तैयार हुआ, लेकिन चालक ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस को सूचना दे दी।
आरोप यह भी है कि अधीक्षक ने श्रम न्यायालय में चल रहे मामले के दौरान पहले ही ₹1.54 लाख रुपये की किस्तों में वसूली कर ली थी।
शिकायत की पुष्टि के बाद जालंधर रेंज की विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
विजिलेंस ने बताया कि अधीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपी को कल सक्षम न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।