आप ने नितिन कोहली को जालंधर सेंट्रल का इंचार्ज लगाया, लोगों की समस्याएं भी सुनेंगे
जालंधर/पंजाब (Public Updates TV): जालंधर के प्रतिष्ठित उद्योगपति और पंजाब हॉकी के उप प्रधान नितिन कोहली आज आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। इस अवसर पर पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और पंजाब AAP अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने उन्हें पार्टी में औपचारिक रूप से स्वागत किया। नितिन कोहली को जालंधर सेंट्रल विधानसभा का इंचार्ज भी नियुक्त किया गया है।
इस मौके पर सिसोदिया ने कहा, “नितिन कोहली जैसे सफल व्यवसायी का आम आदमी पार्टी से जुड़ना इस बात का प्रतीक है कि अब पंजाब की इंडस्ट्री भी हम पर भरोसा करने लगी है।”
इस कार्यक्रम में कार्यकारी प्रधान कलसी, कैबिनेट मंत्री महेंद्र भगत, और जालंधर के कई बड़े नेता भी मौजूद रहे। अमन अरोड़ा ने जानकारी दी कि अब जालंधर सेंट्रल विधानसभा के सभी कार्यों और जन समस्याओं की ज़िम्मेदारी नितिन कोहली को सौंपी गई है।
गौरतलब है कि इस नियुक्ति से पहले जालंधर सेंट्रल में राजनीतिक हलचल मची हुई थी, क्योंकि मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा को भ्रष्टाचार के मामले में विजिलेंस ने गिरफ्तार कर लिया था। इस घटनाक्रम के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि किसी विधानसभा क्षेत्र में विधायक रहते हुए किसी और को अधिकार सौंपे गए हैं।
नितिन कोहली की पार्टी में एंट्री को लेकर आम आदमी पार्टी के भीतर उत्साह का माहौल है और इसे जालंधर की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।