2027 चुनाव की तैयारी में जुटी पार्टी
चंडीगढ़/जालंधर (Public Updates TV): पंजाब कांग्रेस ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू करदी है। जल्द ही प्रदेश के सभी 29 संगठनात्मक जिलों को नए जिला प्रधान मिलेंगे। इसके लिए पार्टी हाईकमान ने 29 ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं, जो जिला प्रधानों के चुनाव की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
संगठन सृजन अभियान के तहत होंगे चुनाव
यह प्रक्रिया कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत चलाई जा रही है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनाव की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। इस बार चुने जाने वाले जिला प्रधानों की भूमिका काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि वे पार्टी को जमीनी स्तर पर मज़बूत करने में मुख्य भूमिका निभाएंगे।
2022 में हुई थी पिछली नियुक्ति, कई नेता छोड़ चुके हैं पार्टी
गौरतलब है कि 19 नवंबर 2022 को कांग्रेस ने आखिरी बार जिला प्रधानों की नियुक्ति की थी। उस समय राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ चल रही थी। हालांकि, इसी दौरान कांग्रेस के कई सीनियर नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा या अन्य दलों का दामन थाम लिया था।
उस वक्त कुछ जिलों की कमान विधायकों को सौंपी गई थी ताकि संगठन को संभाला जा सके।
तीन साल का होता है जिला प्रधानों का कार्यकाल
कांग्रेस पार्टी में जिला प्रधानों का कार्यकाल तीन साल का होता है। ऐसे में मौजूदा प्रधानों का कार्यकाल अब समाप्ति की ओर है और तीन महीने बाद चुनाव कराए जाने तय हैं।