फाजिल्का (Public Updates TV): पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ भगवंत मान सरकार की सख्ती जारी है। ताजा मामले में विजिलेंस ब्यूरो ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन फाजिल्का के एसएचओ समेत चार पुलिसकर्मियों को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब के डीजीपी ने फाजिल्का के एसएसपी वरिंदर सिंह बराड़ को निलंबित कर दिया है।

यह मामला तब उजागर हुआ जब फाजिल्का निवासी एक 17 वर्षीय किशोर दिलराज सिंह के पिता, धरमिंदर सिंह ने साइबर थाने के अधिकारियों द्वारा रिश्वत मांगने के खिलाफ मुख्यमंत्री को सबूतों सहित शिकायत दी। पुलिस ने नाबालिग का फोन जब्त कर लिया था और परिवार को बार-बार परेशान कर रिश्वत देने पर मजबूर किया जा रहा था।

गिरफ्तार किए गए पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर मंजीत सिंह (SHO, साइबर क्राइम फाजिल्का), रीडर राजपाल, एमएचसी शिंदर पाल और सुमित कुमार शामिल हैं। यह कार्रवाई सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संकेत है।
राज्य के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हाल ही में स्पष्ट कहा था कि “कोई भी अधिकारी, चाहे वह मंत्री, विधायक या अफसर हो — भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद इस मामले की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
सरकार के इस सख्त रुख ने राज्य के पुलिस विभाग और प्रशासनिक तंत्र में एक स्पष्ट संदेश दिया है कि भ्रष्टाचार करने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।

