जालंधर (Public Updates TV): हिप-हॉप और रैप की दुनिया में एक बार फिर घमासान छिड़ गया है। मशहूर रैपर हनी सिंह ने अपने लेटेस्ट लाइव सेशन में न सिर्फ अपनी नई एल्बम की घोषणा की, बल्कि रफ्तार और बादशाह पर तीखा हमला भी बोला।

हनी सिंह ने बताया कि उनकी एल्बम में 51 गाने होंगे और यह 26 सितंबर को रिलीज की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एल्बम उन सभी को जवाब होगी जो कहते हैं कि हनी सिंह को रैप करना नहीं आता।
बिना नाम लिए रफ्तार और बादशाह पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा “कुछ लोग मेरे नाम पर फेमस हो रहे हैं। कार्टून लगते हैं, और बोलते हैं कि हनी सिंह रैप नहीं कर सकता। अब इन्हें समझ आएगा असली रैप क्या होता है। मेरी दाढ़ी धूप में सफेद नहीं हुई है।”
यह बयान तब आया जब रफ्तार ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में हनी सिंह के रैप स्टाइल पर सवाल उठाए थे। इसके जवाब में हनी सिंह ने कहा कि उन्होंने कभी यह दावा नहीं किया कि भारत में हिप-हॉप की शुरुआत उन्होंने की, लेकिन यह जरूर तय होगा कि सबसे बेहतर कौन है – और इसका फैसला लोग और रियल हिप-हॉप लवर्स ही करेंगे।
इस तीखे कमेंट के बाद इंडस्ट्री में एक बार फिर रैपर्स की जुबानी जंग तेज हो गई है। हनी सिंह की वापसी को लेकर उनके फैन्स खासे उत्साहित हैं और अब निगाहें 26 सितंबर की एल्बम रिलीज पर टिकी हैं।

