नई दिल्ली (Public Updates TV): दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला परिसर में एक जैन धार्मिक समारोह के दौरान ₹1 करोड़ मूल्य का बेशकीमती कलश चोरी हो गया। यह घटना 2 सितंबर को हुई, लेकिन पुलिस ने इसकी जानकारी 6 सितंबर को साझा की।

चोरी हुआ कलश 760 ग्राम सोने से बना था, जिस पर 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ने जड़े हुए थे। यह कलश रोजाना पूजा के लिए बिजनेसमैन सुधीर जैन द्वारा लाया जाता था। कार्यक्रम में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला भी मौजूद थे।
पुलिस के अनुसार, कलश समारोह के बीच मंच से रहस्यमयी तरीके से गायब हो गया। घटना CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और एक संदिग्ध व्यक्ति की पहचान भी कर ली गई है। जल्द गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि लाल किले की सुरक्षा व्यवस्था पर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। हाल ही में, 2 अगस्त को एक डमी बम को सुरक्षा कर्मी पहचान नहीं सके थे, जिससे अलर्ट जारी करना पड़ा था।

