नई दिल्ली/पंजाब (Public Updates TV): पंजाब में लगातार बिगड़ते बाढ़ के हालातों के मद्देनज़र मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज शाम 4 बजे मुख्यमंत्री आवास पर आपात कैबिनेट बैठक बुलाई है। बैठक में मुख्यमंत्री द्वारा जमीनी स्तर पर चल रही राहत कार्यों की समीक्षा की जा सकती है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मान पहले ही पंजाब को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर चुके हैं।

बाढ़ प्रभावित अजनाला का दौरा करने के बाद आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र सरकार से अपील की है कि पंजाब के लिए जल्द से जल्द राहत पैकेज जारी किया जाए। उन्होंने केंद्र सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि कृषि मंत्री के दौरे के बावजूद अब तक कोई ठोस एलान नहीं हुआ है, जबकि देरी नहीं होनी चाहिए।
संजय सिंह के साथ पंजाब सरकार के मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ और विधायक कुलदीप धालीवाल भी मौजूद रहे।
इधर, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वडिंग ने भी अमृतसर में बैठक कर अजनाला समेत अन्य बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालात पर चर्चा की।
इस बीच, भाखड़ा डैम के जलस्तर में मामूली राहत देखने को मिली है। जलस्तर 1679.05 फीट से घटकर 1678.66 फीट पर आ गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने कहा कि यह राहत की बात है, लेकिन स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है।
स्थिति पर नजर बनाए रखने और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए सरकार पर जनदबाव लगातार बढ़ रहा है।

