Public Updates ( काजल तिवारी ) -: (उत्तराखंड ) उत्तराखंड के हल्द्वानी में अवैध मदरसा और नमाज स्थल के ध्वस्तीकरण के दौरान भड़की हिंसा में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। वहीं इस घटना में 100 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। इतना ही नहीं एसडीएम कालाढुंगी रेखा कोहली और सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने घंटों दीवार के पीछे छिपकर अपनी जान बचाई।

अधिकारियों ने बताया कि जिले के बनभूलपुरा क्षेत्र में हिंसा के बाद तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया और दंगाइयों को देखते ही गोली मारने के आदेश दिए गए। उन्होंने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से शहर के संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार हालात पर नजर रखे हुए हैं और उन्होंने अधिकारियों को शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपर पुलिस महानिदेशक, कानून और व्यवस्था, ए.पी अंशुमान को प्रभावित क्षेत्र में कैंप करने को कहा है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना के संबंध में चार व्यक्तियों को गिरफतार किया गया है।

नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद मीणा ने शुक्रवार को यहां संयुक्त रूप से संवाददाताओं को संबोधित करते हुए घायल लोगों में से दो की मृत्यु होने की पुष्टि की। मीणा ने बताया कि घटना में दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी है और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अराजक तत्वों द्वारा बनभूलपुरा थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला किए जाने के दौरान पुलिस को आत्मरक्षा में बल प्रयोग करना पड़ा जिसमें ये लोग घायल हुए थे। उन्होंने बताया कि इन लोगों को गोली लग गई थी। उन्होंने बताया कि तीन अन्य गंभीर रूप से घायलों में से एक को गोली लगी है जबकि दो अन्य को अलग प्रकार की चोटें आई हैं।

उन्होंने बताया कि उनका उपचार किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस थाने और पुलिसकर्मियों पर हमला करने के संबंध में चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना के संबंध में तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी शहर के लोगों की सुरक्षा को सुनिश्चित करने तथा अराजक तत्वों से सख्ती से निपटना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़ को कथित रूप से उकसाने में करीब 15-20 लोग संलिप्त हो सकते हैं।

Share.
Exit mobile version