भ्रष्टाचार का अड्डा बना निगम, फर्जीवाड़ों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए: मंजीत सिंह टीटू
जालंधर (Public Updates TV): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पार्षदों ने नगर निगम जालंधर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी नेता मंजीत सिंह टीटू ने कहा कि निगम अधिकारी आम आदमी पार्टी (आप) के सहयोग से जनता की खून-पसीने की कमाई को भ्रष्टाचार में उड़ा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि नगर निगम में हो रहे फर्जीवाड़ों की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
काम के आश्वासन हकीकत में बदलते हैं या नहीं, देखना होगा: चंद्रजीत कौर संधा
भाजपा की उप नेता चंद्रजीत कौर संधा ने बताया कि सभी पार्षद मेयर से मिले हैं और अब देखना यह है कि दिए गए आश्वासन जमीनी स्तर पर कब तक नजर आते हैं। उन्होंने निगम को मिले करोड़ों रुपये के फंड के दुरुपयोग की जांच की भी मांग की।
भ्रष्ट अधिकारियों को बचा रहे बड़े नेता: राजीव ढींगरा
पार्षद राजीव ढींगरा ने आरोप लगाया कि निगम में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और भ्रष्ट अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद भी बड़े नेता उन्हें बचाने में जुटे हुए हैं।
हर उद्घाटन पर इलाके के पार्षद का नाम हो: कंवर सरताज
पार्षद कंवर सरताज ने मांग की कि चाहे किसी भी पार्टी का पार्षद हो, हर उद्घाटन पत्थर पर उस इलाके के पार्षद का नाम लिखा जाना चाहिए। उन्होंने निगम में सत्ता पक्ष द्वारा हो रहे भेदभाव पर नाराज़गी जताई।
शहर की बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह फेल: पार्षद रवि कुमार
पार्षद रवि कुमार ने कहा कि लंबा पिंड समेत पूरे जालंधर शहर में सीवरेज, पानी, सड़कें और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था पूरी तरह फेल हो चुकी है। उन्होंने निगम प्रशासन की लापरवाही को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।
भाजपा 2027 में बनाएगी सरकार, विकास के नए आयाम स्थापित करेगी
भाजपा पार्षदों ने भरोसा जताया कि 2027 में पार्टी पंजाब में सरकार बनाएगी और जालंधर सहित पूरे राज्य में विकास की नई मिसाल कायम करेगी।
प्रेस वार्ता में ये रहे उपस्थित
यह प्रेस वार्ता स्थानीय शेखों ग्रैंड होटल में आयोजित की गई, जिसमें मंजीत सिंह टीटू, चंद्रजीत कौर संधा, राजीव ढींगरा, कंवर सरताज, रवि कुमार, शिवम शर्मा, मीनू ढंड, अश्वनी ढंड, दर्शन लाल भगत, अमित सिंह संधा और भाजपा जिला मीडिया इंचार्ज तरुण कुमार मौजूद रहे।