नई दिल्ली/पंजाब/चंडीगढ़ (Public Updates TV): पंजाब में लगातार भारी बारिश के चलते 9 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। हालात को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बातचीत की।
बातचीत के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को राज्य में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित लोगों की संख्या और चल रहे राहत व बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन तेजी से राहत कार्यों में जुटा है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब को केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया और कहा कि किसी भी आवश्यक संसाधन की तत्काल व्यवस्था की जाएगी।
उधर, जलस्तर बढ़ने के कारण भाखड़ा डैम के गेट 4 फीट तक खोल दिए गए हैं, जिससे सतलुज नदी का जलस्तर और बढ़ने की आशंका है। लुधियाना में भारी बारिश के चलते एक दर्दनाक हादसा भी हुआ, जहां 4 गाड़ियों पर दीवार गिर गई। प्रशासन ने मौके पर राहत कार्य शुरू कर दिया है।
सरकार और प्रशासन दोनों स्तरों पर हालात से निपटने के लिए सक्रिय हैं, लेकिन स्थिति अभी भी गंभीर बनीहुई है।