चंडीगढ़/जालंधर (Public Updates TV): पंजाब की सियासत में हलचल मचाते हुए शिरोमणि अकाली दल के महासचिव जगदीश सिंह चीमा ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। चीमा इससे पहले अमलोह और फतेहगढ़ साहिब विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता रणधीर सिंह चीमा तीन बार पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं।
भाजपा में शामिल होने की घोषणा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा के कार्यवाहक प्रभारी अश्विनी शर्मा की मौजूदगी में हुई। इस दौरान सीएम सैनी ने कहा कि “पंजाब के लोग कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी की सरकारें देख चुके हैं।
अब वे भाजपा की सरकार चाहते हैं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि “पंजाब के लोग प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों से प्रभावित हैं और मानते हैं कि आम आदमी पार्टी की सरकार चुनना एक बड़ी गलती थी, क्योंकि उनके सारे वादे खोखले साबित हुए हैं।”