चंडीगढ़/लुधियाना (Public Updates TV): पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजीलेंस ब्यूरो ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लुधियाना के बसंत नगर निवासी एक निजी व्यक्ति, रजत शर्मा को 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

यह रिश्वत तहसील पूर्वी, डीसी दफ्तर लुधियाना में तैनात क्लर्क अमनिंदर सिंह के लिए ली जा रही थी। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
विजीलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, यह कार्रवाई एक नागरिक द्वारा मुख्यमंत्री की भ्रष्टाचार विरोधी एक्शन लाइन पर की गई शिकायत की जांच के बाद की गई। शिकायत में बताया गया था कि लुधियाना नगर निगम की एक कॉलोनी में प्लॉट की रजिस्ट्री संबंधी जानकारी देने के लिए क्लर्क अमनिंदर सिंह ने 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
जांच के दौरान विजीलेंस टीम ने जाल बिछाकर रजत शर्मा को दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में 20,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा। पूछताछ में रजत ने माना कि वह अमनिंदर सिंह के साथ अनधिकृत रूप से दफ्तर में काम करता है और उसी के कहने पर रिश्वत लेने आया था।
विजीलेंस ब्यूरो ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ लुधियाना रेंज थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी।
पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस सख्त कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब रिश्वतखोरों को बख्शा नहीं जाएगा।

