जालंधर नगर निगम यूनियन द्वारा बीते चार दिनों से चल रहा प्रदर्शन अब समाप्त हो गया है। यूनियन और प्रशासन के बीच आज हुई अहम बैठक में कई मुद्दों पर सहमति बन गई, जिसके बाद यूनियन ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान कर दिया। सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान चंदन ग्रेवाल के साथ बैठक में ये फैसला लिया गया है।
इस संबंध में मेयर विनीत धीर ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग थी कि उन्हें सरकारी छुट्टियों के दिन काम करने पर अतिरिक्त वेतन या छुट्टी दी जाए। इस पर सहमति बन गई है और एक प्रस्ताव बनाकर उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।
साथ ही यह भी तय किया गया है कि अप्रैल माह की सरकारी छुट्टियों का भुगतान कर्मचारियों को किया जाएगा और आगे हर तीन महीने में छुट्टियों का भुगतान नियमित रूप से किया जाएगा।
ठेकेदारी प्रथा को लेकर उठ रहे सवालों पर मेयर ने बताया कि इसमें भी कुछ मुद्दों पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि 1196 कर्मचारियों की पक्की भर्ती सरकार द्वारा मंजूर की जा चुकी है, लेकिन कुछ दस्तावेजी प्रक्रियाएं अभी लंबित हैं। जब तक यह पूरी नहीं होती, तब तक नई कच्ची भर्तियां नहीं की जाएंगी। यूनियन ने इस स्पष्टीकरण के बाद हड़ताल समाप्त करने का फैसला किया।
इस समझौते के बाद नगर निगम की सेवाएं फिर से सामान्य रूप से बहाल हो जाएंगी।