चंडीगढ़ (Public Updates TV): रोपड़ रेंज के डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद उनकी पहली तस्वीर सामने आई है। सीबीआई टीम शुक्रवार सुबह उन्हें मेडिकल जांच के लिए चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित अस्पताल लेकर पहुंची। इस दौरान डीआईजी ने रूमाल से चेहरा ढक रखा था और मीडिया से कोई बातचीत नहीं की।
सीबीआई ने रिश्वतखोरी के आरोप में गुरुवार को उन्हें गिरफ्तार किया था। आरोप है कि डीआईजी ने एक बिचौलिए के जरिये फतेहगढ़ साहिब के मंडी गोबिंदगढ़ क्षेत्र के स्क्रैप कारोबारी से 8 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

रिश्वत न देने पर कारोबारी को पुराने केस में फंसाने और नया मुकदमा दर्ज करने की धमकी दी गई थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सीबीआई ने ट्रैप लगाकर डीआईजी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम ने उनके ठिकानों पर छापेमारी की, जहां से करीब 7 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की बात सामने आई है।

आज डीआईजी भुल्लर और बिचौलिए को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा।

