ओम प्रकाश धनखड़ और भाजपा नेताओं ने किया शोभा यात्रा का शुभारंभ, बोले “भगवान वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज के मार्गदर्शक”
जालंधर (Public Updates TV): भगवान वाल्मीकि जी महाराज के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में Jalandhar में विशाल शोभा यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंजाब के वित्त, आबकारी व कर मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने की। उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं को अपनाने और भाईचारे व समानता के संदेश को समाज में फैलाने का आह्वान किया।
हरपाल चीमा ने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखा रही हैं। उन्होंने सिटी वाल्मीकि सभा को ₹10 लाख की राशि देने की घोषणा भी की।
मंत्री चीमा ने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के आदर्शों पर चलते हुए समानता और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
शोभा यात्रा में पंजाब के कई कैबिनेट मंत्रियों — लाल चंद कटारूचक, गुरमीत सिंह खुड्डियां, बरिंदर कुमार गोयल और मोहिंदर भगत — ने भी हिस्सा लिया। सभी मंत्रियों ने भगवान वाल्मीकि जी की शिक्षाओं पर चलने की अपील की और अपने विवेकाधीन कोष से सिटी वाल्मीकि सभा को सहायता राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर डीसी डॉ. हिमांशु अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर, मेयर विनीत धीर, पार्षद शैरी चड्ढा तथा कई गणमान्य नागरिक और धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
ओम प्रकाश धनखड़ ने किया शोभा यात्रा का शुभारंभ, बोले—“भगवान वाल्मीकि के आदर्श आज भी समाज के मार्गदर्शक”
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ ने शक्ति नगर, जालंधर से भगवान वाल्मीकि उत्सव कमेटी की शोभा यात्रा का शुभारंभ किया।
उन्होंने कहा कि भगवान वाल्मीकि जी का जीवन सत्य, परोपकार और दृढ़ संकल्प का अद्वितीय उदाहरण है। उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज में सद्भाव और समरसता का वातावरण स्थापित किया जा सकता है।
धनखड़ ने कहा कि मोदी सरकार पूरे देश में भगवान वाल्मीकि समाज के उत्थान और धार्मिक स्थलों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि रामायण हमें मर्यादा, भाईचारे और नैतिकता का संदेश देती है, जो हर युग में प्रासंगिक है।
इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील शर्मा, पूर्व सांसद सुशील रिंकू, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, जिला महामंत्री अशोक सरीन हिक्की और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहे।