चंडीगढ़ (Public Updates TV): आम आदमी पार्टी (AAP) ने पंजाब से राज्यसभा चुनाव के लिए ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने इसका आधिकारिक पत्र जारी किया। गुप्ता को पंजाब का ‘धीरूभाई अंबानी’ कहा जाता है और उनकी कंपनी का टर्नओवर करीब 5 हजार करोड़ रुपए है।
राजिंदर गुप्ता ने हाल ही में पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली माता मंदिर पटियाला की एडवाइजरी मैनेजिंग कमेटी के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया था, जिसे सरकार ने स्वीकार कर लिया। कैबिनेट मंत्री संजिव अरोड़ा के विधायक बनने के बाद यह सीट खाली हुई थी।
पहले इस सीट से अरविंद केजरीवाल या मनीष सिसोदिया के नाम की चर्चा थी, लेकिन स्थानीय असंतोष से बचने के लिए पार्टी ने पंजाब के उद्योगपति को मौका देने का फैसला किया।
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया 6 अक्टूबर से शुरू होगी और 24 अक्टूबर को वोटिंग के साथ परिणाम घोषित किए जाएंगे। गुप्ता को साल 2007 में उद्योग और समाज सेवा में योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान मिल चुका है।
पंजाब से इस समय सभी 6 राज्यसभा सदस्य AAP के हैं, जिनमें राघव चड्ढा, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल जैसे नाम शामिल हैं। विधानसभा में AAP के 93 विधायक होने के कारण गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही है।