चंडीगढ़ (Public Updates TV): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज चंडीगढ़ में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर धान खरीद व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राज्य में धान की खरीद बिना किसी परेशानी और पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि पिछले तीन वर्षों की तरह इस बार भी किसानों की मेहनत का हर दाना खरीदा और उठाया जाएगा। सरकार ने इस वर्ष 175 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने के लिए व्यापक इंतज़ाम किए हैं। इसके तहत 1822 खरीद केंद्र नोटिफाई किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर किसानों को किसी तरह की परेशानी होती है तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख़्त कार्रवाई की जाएगी।
‘मिशन चढ़दी कला’ को मिला उद्योग जगत का सहयोग
उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा की अगुवाई में राज्य के प्रमुख उद्योगपतियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से भेंट कर ‘मिशन चढ़दी कला’ के लिए 1 दिन में 6 करोड़ रुपये का योगदान दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री को चैक भेंट किए गए।

अब तक इस मिशन में 4000 से अधिक लोग आर्थिक योगदान दे चुके हैं, जिससे राज्य में जनकल्याण और विकास से जुड़े कार्यों को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि किसान, उद्योग और समाज—तीनों को साथ लेकर पंजाब सरकार राज्य को विकास के नए आयामों की ओर ले जा रही है।

