जालंधर (Public Updates TV): जालंधर के हुसैनपुर गांव के रहने वाले छिंदरपाल ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 17’ के मंच पर अपनी मेहनत और हौसले से सबका दिल जीत लिया। पेशे से बढ़ई (कारपेंटर) छिंदरपाल ने 18 सितंबर के एपिसोड में शानदार खेल दिखाते हुए 50 लाख रुपये की बड़ी राशि अपने नाम की।

परिवार की जरूरतें, बच्चों की पढ़ाई और पत्नी की इच्छाओं को पूरा करने का सपना लेकर छिंदरपाल इस मंच तक पहुंचे। शो की शुरुआत में उन्होंने आत्मविश्वास के साथ सवालों का सामना किया और बिना किसी लाइफलाइन के 12.5 लाख रुपये तक पहुंच गए। 25 लाख के सवाल पर दो लाइफलाइन का इस्तेमाल करना पड़ा, लेकिन उन्होंने सही उत्तर देकर अगला पड़ाव भी पार किया।

50 लाख रुपये के सवाल पर उन्होंने फिर से बिना किसी मदद के सटीक जवाब दिया, जिससे खुद अमिताभ बच्चन भी दंग रह गए। शो के अंतिम पड़ाव पर उन्हें 1 करोड़ रुपये का सवाल पूछा गया:
सवाल: भारत के महान त्रिकोणमिति सर्वेक्षण के प्रमुख बनने से पहले, जॉर्ज एवरेस्ट ने 1814 से 1816 तक इनमें से किस द्वीप का सर्वेक्षण किया था?
विकल्प:
a) जेजू
b) जमैका
c) जर्सी
d) जावा
लंबे विचार के बाद छिंदरपाल ने गेम छोड़ने का फैसला किया और अंतिम उत्तर के रूप में ‘जमैका’ चुना, जो गलत निकला। सही जवाब ‘जावा’ था।
हालांकि वह 1 करोड़ रुपये जीतने से चूक गए, लेकिन 50 लाख रुपये की इनामी राशि ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। अमिताभ बच्चन ने छिंदरपाल की सोच, संघर्ष और आत्मबल की जमकर तारीफ की और कहा, “आपकी सोच हमारे दिलों में हमेशा रहेगी।”
छिंदरपाल की इस सफलता ने न केवल उनके गांव में खुशी का माहौल बना दिया, बल्कि उन्होंने देशभर के आम लोगों को भी यह संदेश दिया कि मेहनत और ज्ञान से कोई भी अपनी किस्मत बदल सकता है।

