फगवाड़ा/जालंधर (Public Updates TV): फगवाड़ा के पलाही रोड स्थित ताज विलास होटल में साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय साइबर फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़ किया है। डीएसपी भारत भूषण और साइबर सेल कपूरथला की इंस्पेक्टर अमनदीप कौर की अगुवाई में की गई इस छापेमारी के दौरान 39 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 लैपटॉप, 67 मोबाइल फोन और 10 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। एफआईआर नंबर 14, दिनांक 19 सितंबर 2025 को साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन कपूरथला में दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धाराएँ 111, 318(4), 61(2) तथा आईटी एक्ट की धाराएँ 663 और 664 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रैकेट अमरिंदर सिंह उर्फ साबी टोहरी (निवासी मोहल्ला गुजराती) द्वारा चलाया जा रहा था। उसने ताज विलास होटल को लीज पर लेकर एक अवैध कॉल सेंटर में तब्दील कर दिया था। इस सेंटर का संचालन जसप्रीत सिंह और साजन मदान (निवासी साउथ एवेन्यू, नई दिल्ली) कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, गिरोह अमेरिका और कनाडा के नागरिकों को सॉफ्टवेयर सपोर्ट के नाम पर धोखा देता था। इस फ्रॉड नेटवर्क के तार दिल्ली के सूरज और कोलकाता के शेन से भी जुड़े पाए गए हैं। पैसों का लेन-देन मुख्यतः बिटकॉइन और हवाला चैनलों के माध्यम से होता था।
पुलिस अब इस बड़े साइबर गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच आगे और भी चौंकाने वाले खुलासे कर सकती है।

