जालंधर (Public Updates TV): जालंधर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा को जबरन वसूली के एक मामले में शनिवार को कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। रामा मंडी थाने में दर्ज रंगदारी के केस में बीते 9 दिनों से वे पुलिस रिमांड पर थे। शनिवार को रिमांड खत्म होने पर उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने अब और रिमांड की मांग नहीं की।
विधायक की ओर से वकील दर्शन सिंह दयाल और नवीन चड्ढा अदालत में पेश हुए। सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया कि रिमांड के दौरान केस से जुड़े महत्वपूर्ण सबूत जुटा लिए गए हैं और अब जांच जेल से भी आगे बढ़ाई जा सकती है। कोर्ट ने दलीलें सुनने के बाद अरोड़ा को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
क्या है मामला?
रमन अरोड़ा पर आरोप है कि उन्होंने अपने सहयोगियों के जरिए कारोबारियों और ठेकेदारों पर दबाव बनाकर मोटी रकम वसूली। पुलिस का दावा है कि उनके पास इस मामले से जुड़े मजबूत गवाह और दस्तावेजी साक्ष्य हैं।
इससे पहले एक अन्य मामले में उन्हें राहत मिली थी, लेकिन इस केस में पुलिस ने पुख्ता सबूतों के आधार पर गिरफ्तारी की। अब पुलिस न्यायिक हिरासत के दौरान जांच को आगे बढ़ाएगी।
इस पूरे घटनाक्रम ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी है, क्योंकि सत्ताधारी पार्टी के विधायक पर इस तरह के संगीन आरोप लगना आम आदमी पार्टी की छवि के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।