चंडीगढ़/मोहाली (Public Updates TV): पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तबीयत अब पहले से बेहतर है और उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी मेडिकल जांच रिपोर्ट सामान्य आई हैं और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है।
मुख्यमंत्री को धीमी हृदयगति (स्लो हार्टबीट) और कमजोरी की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी बीमारी के चलते वह पिछले दिनों बाढ़ प्रभावित इलाकों के प्रस्तावित दौरों और 9 सितंबर को पीएम मोदी के पंजाब दौरे में शामिल नहीं हो सके।
प्रधानमंत्री ने सीएम मान की सेहत की जानकारी राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से ली थी। इसके बाद राज्यपाल खुद अस्पताल पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
दौरे के बाद बिगड़ी तबीयत
सीएम भगवंत मान पिछले हफ्ते तक लगातार पंजाब के बाढ़ प्रभावित जिलों का दौरा कर रहे थे। फिरोजपुर में नाव के ज़रिए दुर्गम गांवों तक पहुंचे। लेकिन 3 सितंबर को चंडीगढ़ लौटते ही उनकी तबीयत बिगड़ गई।
प्रारंभिक इलाज सीएम रिहायश पर चला, लेकिन 5 सितंबर की रात उन्हें अस्पताल शिफ्ट करना पड़ा। तब से वह पिछले 7 दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं।
अब जब उनकी हालत में सुधार है, उम्मीद है कि वे जल्द ही फिर से सक्रिय सार्वजनिक जीवन में लौटेंगे।