नई दिल्ली/जालंधर (Public Updates TV): आज 7 सितंबर 2025, रविवार को भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर वर्ष का अंतिम पूर्ण चंद्र ग्रहण लगेगा। यह खगोलीय घटना रात 09:57 बजे से शुरू होकर 8 सितंबर की रात 01:26 बजे तक चलेगी, जिसकी कुल अवधि 3 घंटे 29 मिनट रहेगी। इस दौरान चंद्रमा पर पृथ्वी की परछाई पड़ने से वह लाल रंग का दिखाई देगा, जिसे ब्लड मून कहा जाता है।
ग्रहण का खग्रास चरण (पूर्ण चंद्र ग्रहण) रात 11:01 बजे शुरू होगा और 01:23 बजे समाप्त होगा। इसका मध्यकाल रात 11:42 बजे पड़ेगा, जो ब्लड मून के सबसे स्पष्ट रूप में दिखने का समय होगा।
यह चंद्र ग्रहण पूर्वाभाद्रपद नक्षत्र और कुंभ राशि में घटित हो रहा है, जिसका ज्योतिषीय दृष्टिकोण से विशेष महत्व है।
सूतक काल ग्रहण शुरू होने से 9 घंटे पहले यानी दोपहर 12:57 बजे से ही मान्य होगा और ग्रहण के समापन के साथ समाप्त होगा। इस दौरान धार्मिक कार्यों और भोजन से परहेज़ करना शुभ माना जाता है।
भारत के अधिकांश हिस्सों में यह चंद्र ग्रहण पूरी तरह से दिखाई देगा। विशेष रूप से रात 11:00 से 12:22 बजे के बीच का समय ब्लड मून देखने के लिए सर्वोत्तम रहेगा।