पंजाब/चंडीगढ़ (Public Updates TV): पंजाब में मूसलधार बारिश और भाखड़ा डैम से छोड़े गए पानी के चलते हालात भयावह हो गए हैं। राज्य सरकार ने पूरे पंजाब को आपदा प्रभावित क्षेत्र घोषित कर दिया है। प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं, और अब तक 1400 से अधिक गांव जलमग्न हो चुके हैं।
सबसे ज्यादा असर गुरदासपुर जिले में देखने को मिल रहा है, जहां 324 गांव प्रभावित हुए हैं। अमृतसर में 135, बरनाला में 134 और होशियारपुर में 119 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 3 लोग लापता हैं।
नंगल इलाके में डैम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। भाखड़ा डैम से पानी छोड़े जाने के बाद स्थानीय लोग डैम को मजबूत करने में जुटे हैं। राज्य के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने चेतावनी दी है कि सतलुज और खड्डों के किनारे बसे गांवों के बांध कमजोर हो गए हैं, इसलिए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है।
हरिके पत्तन हेड वर्क्स से 3.05 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तरनतारन को हाई फ्लड एरिया घोषित किया गया है, जिससे फाजिल्का और फिरोजपुर के कई गांवों में खतरा मंडरा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान आज संगरूर जाकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेंगे।