जालंधर (Public Updates TV): जालंधर के नागरा फाटक के पास गुरु नानक नगर में चल रहे सालाना मेले के दौरान देर रात एक खौफनाक घटना सामने आई। धार्मिक कार्यक्रम के दौरान अचानक 5 अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और आते ही खुलेआम हथियार लहराने लगे।

पीड़ित के अनुसार, उसके बेटे राहुल ने मेले में हथियार लहराने से उन्हें रोका, जिस पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। इसी बीच धार्मिक स्थल में मौजूद एक व्यक्ति ने उनमें से एक युवक को थप्पड़ जड़ दिया। मामला कुछ देर के लिए शांत हुआ और आरोपियों को वहां से भेज दिया गया।
लेकिन कुछ समय बाद वही हमलावर दोबारा लौटे और दातर (तेजधार हथियार) से राहुल और उसके साथी पर हमला कर दिया। इस हमले में गुरप्रीत उर्फ गोपी नामक युवक की मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने मौके पर फायरिंग भी की, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे। घटना के वक्त राहुल किसी तरह घर में छिपकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी डर और गुस्से का माहौल है।

