भार्गव कैंप में हथियारबंद युवकों ने किया हमला, मृतक की पहचान वरुण के रूप में हुई
जालंधर (Public Updates TV): जालंधर वेस्ट के भार्गव कैंप इलाके में रविवार को उस समय दहशत का माहौल फैल गया जब खुलेआम तेज़धार हथियारों से लैस युवकों ने तीन लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
झगड़े में बीच-बचाव करना पड़ा भारी, वरुण की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, भार्गव कैंप निवासी कुंगरी के बेटे विशाल और उसका छोटा भाई अपने रिश्तेदार वरुण के साथ किसी दोस्त के झगड़े को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। लेकिन वहां पहले से मौजूद हथियारबंद युवकों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
तेज़धार चाकुओं से किए गए इस हमले में वरुण की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कुंगरी के साले का इकलौता बेटा था। दूसरी ओर विशाल और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में यह हमला पूर्व नियोजित प्रतीत हो रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय चश्मदीदों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इलाके में फैला तनाव, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
खुलेआम हुए इस हिंसक हमले से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

