चंडीगढ़/जालंधर (Public Updates TV): पंजाब की सियासत में गुरुवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। लुधियाना वेस्ट से उपचुनाव जीतने वाले विधायक संजीव अरोड़ा ने चंडीगढ़ में मंत्री पद की शपथ ली।
राज्यपाल द्वारा शपथ दिलाए जाने के साथ ही उन्हें मंत्रालय भी सौंप दिए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, उद्योग एवं एनआरआई मामलों का विभाग अरोड़ा को सौंपा गया है। हालांकि, इस पर आधिकारिक पुष्टि जल्द ही की जाएगी।
मंत्रियों की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। जब संजीव अरोड़ा को दिए गए मंत्रालयों को लेकर सवाल किया गया, तो कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा, “किसे कौन सा विभाग देना है, यह तय करना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। मुख्यमंत्री जल्द ही इस पर निर्णय लेंगे।”
यह दूसरी बार है जब मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने वादे के अनुसार एक नवनिर्वाचित विधायक को मंत्री बनाया है। अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि अरोड़ा के शामिल होने के बाद किस मौजूदा मंत्री को कैबिनेट से बाहर किया जाएगा।
इसी बीच कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल के इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई हैं। अमृतसर से विधायक धालीवाल ने हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने “सेवा के लिए आभार” जताया। इस पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है।
विश्वसनीय सूत्रों का कहना है कि धालीवाल की एक केंद्रीय मंत्री से नजदीकियां उनके इस्तीफे की एक बड़ी वजह हो सकती हैं।
माना जा रहा है कि वे जल्द ही कैबिनेट से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे पंजाब की राजनीति में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।