श्रीनगर/नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रियासी जिले में चिनाब नदी पर बने दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज का भव्य उद्घाटन तिरंगा लहराकर किया। इसके साथ ही उन्होंने कटरा से श्रीनगर के बीच चलने वाली पहली वंदे भारत ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर पीएम मोदी ने पाकिस्तान पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “दुर्भाग्य से हमारे पड़ोस का देश मानवता और मेलजोल का दुश्मन बन गया है। 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, वह इंसानियत और कश्मीरियत पर हमला था। लेकिन हमने 6 मई को उस पर कयामत बरसा दी।”
प्रधानमंत्री के इस बयान को सुरक्षा और राष्ट्रवाद के मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि यह नया भारत अब आतंकवाद का जवाब विकास से देता है – तेज़, ठोस और निर्णायक।
7 जून से कटरा-श्रीनगर वंदे भारत ट्रेन शुरू: अब घाटी तक सफर सिर्फ 3 घंटे में
देश की आधुनिकतम ट्रेन वंदे भारत अब कटरा से श्रीनगर के बीच चलेगी। 7 जून से शुरू हो रही यह सेवा हफ्ते में 6 दिन चलेगी। इसमें दो श्रेणियां होंगी।
चेयरकार: ₹715
एग्जीक्यूटिव क्लास: ₹1320
शुरुआत में ट्रेन सिर्फ बनिहाल में रुकेगी, अन्य स्टेशनों पर स्टॉपेज का फैसला बाद में लिया जाएगा।
बर्फबारी में अब नहीं कटेगा कश्मीर: नया रेल नेटवर्क बना जीवन रेखा
आजादी के 77 साल बाद भी कश्मीर सर्दियों में देश के अन्य हिस्सों से कट जाता था, क्योंकि नेशनल हाईवे-44 बर्फबारी के कारण बंद हो जाता था। जम्मू से श्रीनगर तक सड़क मार्ग से 8 से 10 घंटे का सफर करना पड़ता था। अब वंदे भारत ट्रेन से यह सफर महज 3 घंटे में तय होगा। यह रेल नेटवर्क कश्मीर को देश के अन्य हिस्सों से चौबीसों घंटे जोड़े रखने वाला एक नया युग लेकर आया है।
चिनाब ब्रिज: विश्व की इंजीनियरिंग का चमत्कार
चिनाब नदी पर बना यह रेलवे आर्च ब्रिज 359 मीटर ऊंचा है, जो एफिल टावर से भी ऊंचा है। इसे इंजीनियरिंग की एक असाधारण उपलब्धि माना जा रहा है और यह भारत की सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और कनेक्टिविटी का प्रतीक बन गया है।
यह परियोजना न केवल कश्मीर के लोगों को देश से जोड़ती है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि “नया भारत आतंक से नहीं, विकास से जीतता है।”