चंडीगढ़ (Public Updates TV): पंजाब सरकार की महत्वपूर्ण कैबिनेट बैठक आज सोमवार दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री भगवंत मान के सरकारी निवास पर होगी। यह बैठक लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव से पहले हो रही है, जिस कारण इसे राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में उद्योग जगत से जुड़े कई प्रस्तावों पर चर्चा होगी। खासतौर पर औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार यह प्रस्ताव ला सकती है कि औद्योगिक क्षेत्रों में एक से अधिक प्लॉट्स को आपस में मिलाकर उपयोग करने की अनुमति दी जाए। यह प्रस्ताव हाल ही में लुधियाना के लिए घोषित की गई नई लैंड पॉलिसी के तहत लाया जा सकता है।
नशा नियंत्रण पर भी नजर
मजीठा में हुए शराब कांड के बाद नशे पर नियंत्रण को लेकर भी सरकार सख्त कदम उठा सकती है। पिछले बजट में बॉर्डर इलाकों में 5,000 होमगार्ड्स की तैनाती का ऐलान हुआ था। कैबिनेट बैठक में इस फैसले को औपचारिक मंजूरी मिल सकती है, साथ ही इसकी अधिसूचना भी जारी की जा सकती है।
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस
बैठक के बाद दोपहर 1 बजे पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पंजाब भवन में मीडिया को संबोधित करेंगे। वे बताएंगे कि किन प्रस्तावों को मंजूरी दी गई और सरकार आगे क्या कदम उठाने जा रही है।