टोक्यो/कामचटका (Public Updates TV): रूस के पूर्वी क्षेत्र कामचटका प्रायद्वीप में बुधवार सुबह भारतीय समयानुसार 4:54 बजे पृथ्वी ने जबरदस्त झटका महसूस किया। US जियोलॉजिकल सर्वे (USGS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता 8.8 मापी गई, जो दुनिया के अब तक के छह सबसे बड़े भूकंपों में से एक है।
भूकंप के तुरंत बाद कामचटका में 4 मीटर तक ऊंची सुनामी लहरें उठीं, जिससे कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। गवर्नर व्लादिमीर सोलोदोव ने इसे “दशकों में सबसे शक्तिशाली भूकंप” बताया और बताया कि एक किंडरगार्टन स्कूल समेत कई इमारतों को नुकसान हुआ है।
भूकंप का केंद्र जमीन से 19.3 किलोमीटर गहराई में था। इसका असर रूस के साथ-साथ कई अन्य देशों में भी देखा गया है। जापान के NHK टेलीविजन के मुताबिक, देश के पूर्वी तट पर एक फुट ऊंची सुनामी लहरें पहुंची हैं।
एहतियात के तौर पर करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और फुकुशिमा परमाणु संयंत्र को खाली कराया गया है।
12 से ज्यादा देशों में जारी हुआ सुनामी अलर्ट
रूस: कामचटका और कुरील द्वीप
जापान: पूरे देश में
अमेरिका: हवाई और अलास्का
कनाडा: ब्रिटिश कोलंबिया
इक्वाडोर, पेरू, मेक्सिको: तटीय इलाके
न्यूजीलैंड और प्रशांत द्वीप: गुआम, सोलोमन आइलैंड्स, नॉर्दन मरियाना, चीन, फिलीपींस, ताइवान, इंडोनेशिया
हालात पर नजर रखी जा रही है और राहत-बचाव कार्य जारी हैं।